
रेवाड़ी (Best E News) रेवाड़ी पुलिस ने अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोहल्ला बलभद्र सराय स्थित एक मकान पर छापेमारी कर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान माईकल निवासी गांव रणसिका, जिला गुरुग्राम, हाल किरायेदार मोहल्ला बलभद्र सराय रेवाड़ी के रूप में हुई है।
मुखबीर से मिली थी सूचना: रेवाड़ी पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर को चौकी भाड़ावास गेट पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बलभद्र सराय के एक मकान में बिना लाइसेंस के पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मकान पर छापेमारी की। इस दौरान मकान में कट्टों और गत्ते की पेटियों में रखे पटाखे बरामद हुए।

पुलिस ने मकान में मौजूद माईकल से पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस व परमिट मांगा, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। तलाशी के दौरान पुलिस ने 12 कलर सुपर स्काई शॉट के 50 पैकेट, अग्नि रॉकेट के 30 पैकेट और साउंड रॉकेट के 28 पैकेट बरामद किए।
ये भी पढ़ें:बावल कृषि विश्वविद्यालय में तेंदुए की आशंका, पुलिस व वन्य जीव टीम ने संभाला मोर्चा
सामान जब्त कर आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने सभी पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना शहर रेवाड़ी में विस्फोटक अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
SP रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा ने आमजन और व्यापारियों से अपील की है कि वे सुप्रीम कोर्ट और जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। बिना अनुमति या निर्धारित मानकों के विपरीत पटाखों का भंडारण, परिवहन और बिक्री करना कानूनन अपराध है। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का भंडारण जनसुरक्षा के लिए खतरनाक हो सकता है। पुलिस का विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें:रेवाड़ी में दो लोगों ने की आत्महत्या, दो परिवारों में मातम