
रेवाड़ी (Best E News) दिवाली पर्व पर रेवाड़ी पुलिस ने मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के दिशा-निर्देशानुसार थाना कसौला प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र की झुग्गी बस्तियों और जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने गरीब और बेसहारा बच्चों तथा बुजुर्गों को मिठाइयां व उपहार वितरित कर उनके साथ दिवाली की खुशियां साझा कीं।
बच्चों को दिए उपहार, बुजुर्गों से लिया आशीर्वाद
पुलिस टीम ने जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को मिठाइयां और उपहार भेंट किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। वहीं, बेसहारा और असहाय बुजुर्ग महिलाओं को मिठाइयां देकर उनका सम्मान किया गया। पुलिसकर्मियों के इस अपनत्व भरे व्यवहार से बुजुर्ग महिलाओं ने उन्हें दिल से आशीर्वाद दिया।
सामाजिक जिम्मेदारी भी निभा रही पुलिस
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस का काम केवल अपराध पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों को सहयोग देना भी है। दीपावली की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब समाज का कोई भी व्यक्ति खुद को अकेला या असहाय महसूस न करे। रेवाड़ी पुलिस हर परिस्थिति में आमजन के साथ खड़ी है।
ये भी पढ़ें:बावल कृषि विश्वविद्यालय में तेंदुए की आशंका, पुलिस व वन्य जीव टीम ने संभाला मोर्चा
थाना कसौला प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत होना जरूरी है। खाकी वर्दी का उद्देश्य अपराधियों में भय पैदा करने के साथ आम नागरिकों, विशेषकर कमजोर वर्ग को सुरक्षा और अपनेपन का अहसास कराना है। पुलिस की इस पहल की क्षेत्र के लोगों, सामाजिक संस्थाओं और गणमान्य व्यक्तियों ने सराहना की। स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसे प्रयासों से पुलिस और आमजन के बीच आपसी विश्वास और सम्मान बढ़ता है।