
Haryana News (Best E News) हरियाणा के फरीदाबाद शहर में रहने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। Faridabad Elevated Road परियोजना के तहत शहर में करीब 754 करोड़ रुपये की लागत से नई एलिवेटेड सड़क बनाई जाएगी। इससे ग्रेटर फरीदाबाद से सैनिक कॉलोनी और एनआईटी इलाके तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा। अभी जिस रास्ते पर लोगों को जाम में फंसकर आधे से पौने घंटे तक लग जाते हैं वहां सफर करीब 15 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है।
फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण ने इस परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। 17 दिसंबर को टेंडर खोले जाएंगे। इसके बाद नए साल में फरवरी तक निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
योजना के मुताबिक सैनिक कॉलोनी मोड़ से अनखीर चौक होते हुए दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे तक एलिवेटेड सड़क बनाई जाएगी। अनखीर चौक पर एक जंक्शन भी तैयार होगा। यहां से एक रास्ता सूरजकुंड रोड की तरफ जाएगा जबकि दूसरा सैनिक कॉलोनी मोड़ से जुड़ेगा। इससे दिल्ली और गुरुग्राम की तरफ आने जाने वाले लोगों को काफी राहत मिल सकती है।
ये भी पढ़ें:दिल्ली जयपुर हाईवे पर धारूहेड़ा में फिर लगा लंबा जाम
इस सड़क का फायदा सिर्फ वाहन चालकों को ही नहीं मिलेगा बल्कि ग्रेटर फरीदाबाद के विकास को भी नई रफ्तार मिल सकती है। बेहतर रास्ता मिलने से एनआईटी और अरावली पहाड़ी के आसपास बसे सेक्टरों और कॉलोनियों के लोगों का सफर आसान होगा। अनुमान है कि रोजाना दो लाख से ज्यादा लोगों को इसका फायदा मिल सकता है।
खास बात यह है कि इस योजना को फरीदाबाद नोएडा गाजियाबाद यानी एफएनजी परियोजना से भी जोड़ा जाएगा। बड़खल स्मार्ट रोड के जरिए एलिवेटेड सड़क तक पहुंचने का रास्ता तैयार होगा। इससे दिल्ली आने जाने वालों को भी एक नया विकल्प मिलेगा।
ये भी पढ़ें:बदमाशों ने रेवाड़ी पुलिस पर की अंधाधुंध फायरिंग !
Faridabad Elevated Road केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के मुताबिक रेलवे लाइन पर बने मौजूदा पुलों पर अक्सर जाम लगा रहता है। इसी परेशानी को दूर करने के लिए यह योजना तैयार की गई है।
वहीं बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने बताया कि दूसरे चरण में सैनिक कॉलोनी मोड़ से प्याली चौक और हार्डवेयर चौक होते हुए ग्रेटर फरीदाबाद तक एलिवेटेड सड़क बनाने की योजना है। इस पर करीब 650 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। दोनों परियोजनाएं पूरी होने के बाद फरीदाबाद के लोगों को आने जाने में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।