
रेवाड़ी (Best E News) धनतेरस और दीपावली पर्व को देखते हुए रेवाड़ी पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के दिशा-निर्देशानुसार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। बाजारों, प्रमुख मंदिरों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के त्योहार मना सकें।
इसी कड़ी में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के लिए थाना कोसली प्रभारी इंस्पेक्टर विद्यासागर, नाहड़ चौकी इंचार्ज एसआई अरविंद कुमार तथा थाना जाटूसाना प्रभारी पीएसआई प्रिंस ने भारी पुलिस बल के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में मुख्य बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पैदल मार्च किया।

पैदल मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों से बातचीत की। उन्होंने दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने और उनका रुख मुख्य मार्ग की ओर करने की अपील की। साथ ही दुकानदारों से दुकान के बाहर सामान रखकर रास्ता अवरुद्ध नहीं करने को कहा, ताकि यातायात प्रभावित न हो और आपातकालीन वाहनों को आने-जाने में परेशानी न हो।
ये भी पढ़ें:हरियाणा में बनेगा नया 4 लेन रिंग रोड, 7 गांवों से होकर गुजरेगी सड़क
पुलिस ने लोगों से अपील की कि बाजार या सार्वजनिक स्थान पर कोई लावारिस वस्तु, संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। त्योहारों के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, जेब तराशी और चेन स्नेचिंग जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पीसीआर और राइडर दस्तों को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
रेवाड़ी पुलिस ने नागरिकों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में डायल-112 अथवा नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें। पुलिस ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस 24 घंटे तत्पर है।
ये भी पढ़ें:हरियाणा से पंजाब जाना होगा आसान! 123 करोड़ से बनेगी नई फोरलेन सड़क