
रेवाड़ी ( Best E News) दीपावली और धनतेरस सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए रेवाड़ी पुलिस ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के दिशा-निर्देशानुसार थाना शहर रेवाड़ी परिसर में स्थानीय व्यापारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना शहर प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह ने की। इसमें शहर के प्रमुख व्यापारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बैठक में व्यापारियों की समस्याएं सुनने के साथ त्योहारों के दौरान बाजारों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। व्यापारियों को साइबर ठगी से बचने के लिए अज्ञात लिंक, फर्जी लॉटरी संदेश और अवैध लोन व गेमिंग ऐप से सावधान रहने की सलाह दी गई। किसी भी तरह की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया।

दुकानों के बाहर अतिक्रमण नहीं करने की अपील
पुलिस ने व्यापारियों से अपील की कि वे दुकानों के बाहर फुटपाथ और सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण न करें, ताकि ग्राहकों और राहगीरों को आने-जाने में परेशानी न हो। इसके अलावा सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर उच्च क्षमता वाले नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनका फोकस मुख्य सड़क व प्रवेश द्वार की तरफ रखने के निर्देश दिए गए।
ये भी पढ़ें:हरियाणा में बनेगा नया 4 लेन रिंग रोड, 7 गांवों से होकर गुजरेगी सड़क
रात 9 से सुबह 9 बजे तक बाजार में आएंगे मालवाहक वाहन
त्योहारी सीजन में बाजारों में भीड़ और जाम की समस्या को देखते हुए मालवाहक वाहनों के प्रवेश को लेकर विशेष व्यवस्था बनाई गई है। बैठक में सहमति बनी कि बाजार में माल लेकर आने वाले वाहनों को पुलिस बैरिकेड और चेक पॉइंट पर जांच के बाद रात 9 बजे से सुबह 9 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। इससे दिन के समय बाजारों में अनावश्यक वाहनों की आवाजाही कम होगी और जाम से राहत मिलेगी।
पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों और आमजन से शांति व सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल 112 पर देने को कहा गया। बैठक में हेमंत अग्रवाल, भोपाल मित्तल, अजय कुमार, संजीव जैन, कपिल गुप्ता सहित अनेक व्यापारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:हरियाणा से पंजाब जाना होगा आसान! 123 करोड़ से बनेगी नई फोरलेन सड़क